अमरोहा : मस्जिद में नमाज को लेकर विवाद में शिक्षक समेत आठ लोगों को एक साल की सजा, देवबंदी-बरेलवी मसलक को लेकर था विवाद
2019 में जुमे की नमाज के बाद मंडी धनौरा के फंदेड़ी सादात में सलात-ओ-सलाम पढ़ने को लेकर आपस में भिड़ गए थे देवबंदी व बरेलवी मसलक के लोग। मस्जिद में ही जमकर हुई तो दोनों पक्षों में मारपीट व पथराव। कोर्ट ने आठ लोगों को माना दोषी। सभी को एक एक साल की सुनाई सजा। सजा पाने वालों में एक सरकारी टीचर भी शामिल।
CNB News Amroha : उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में चार साल पहले देवबंदी व बरेलवी मसलक के लोंगो के बीच मस्जिद में हुए विवाद में जिला अदालत ने शिक्षक समेत आठ लोगों को एक एक साल की सजा सुनाई। साथ ही 50 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया।
चार साल पहले यह घटना मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के गांव फंदेड़ी सादात में हुई थी। गांव में स्थित नूरानी मस्जिद में देवबंदी व बरेलवी मसलक के लोग एक साथ नमाज पढ़ते है। आरोप था कि 13 दिसंबर 2019 को बरेलवी मसलक के निसार अहमद समेत तमाम लोग जुमे की नमाज के बाद सलात-ओ-सलाम पढ़ रहे थे तभी देवबंदी मसलक के फ़ैयाजुद्दीन, निजामुद्दीन, नसीम आलम, इमदाद, महताब, सत्तार, मोनिश, रिजवान व महबूब समेत पांच छह अज्ञात लोगों ने सलात-ओ-सलाम का विरोध किया।
पथराव और मारपीट के बीच मस्जिद में भगदड़ मच गई। इस दौरान सुलेमान और निसार गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने निसार अहमद की ओर से देवबंदी मसलक के उक्त आठ लोगों के खिलाफ़ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया था, फिलहाल सभी जमानत पर थे। मुकदमा अपर जिला व सत्र न्यायाधीश चतुर्थ सूर्य प्रकाश सिंह की अदालत में विचाराधीन था। बुधवार को मुकदमा की अंतिम सुनवाई हुई। साक्ष्य के आधार पर कोर्ट ने सभी आठ आरोपियों को दोषी करार दिया। एक एक साल की जेल व 50 हजार रुपए का जुर्माने की सजा सुनाई। साथ ही जुर्माने की आधी धनराशि मारपीट में घायल हुए सलमान को देने के आदेश दिया।