मुरादाबाद से BJP प्रत्याशी सर्वेश सिंह का AIIMS में निधन, कल हुआ था चुनाव
मुरादाबाद से BJP प्रत्याशी सर्वेश सिंह का शनिवार को निधन हो गया। मतदान के बाद उनको दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था।

CNB News Moradabad : पूर्व सांसद और मुरादाबाद से BJP प्रत्याशी सर्वेश सिंह का शनिवार को निधन हो गया। मतदान के बाद उनको दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। सर्वेश सिंह पश्चिमी उत्तर प्रदेश से भाजपा के अकेले ठाकुर प्रत्याशी थे। वह रुचि वीरा के खिलाफ मैदान में थे। शुक्रवार को पहले चरण में मुरादाबाद सीट पर चुनाव हुआ था।
सर्वेश सिंह मुरादाबाद लोकसभा से मुरादाबाद सीट पर भाजपा के प्रत्याशी थे। मुरादाबाद सीट पर शुक्रवार को पहले फेज में चुनाव हुआ था। मतदान के बाद हार्ट की शिकायत पर परिजनों ने उन्हें दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया था। जहां उनका इलाज चल रहा था। शनिवार की शाम को उनके निधन की खबर पर समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई।
1991 में पहली बार लड़े थे चुनाव
सर्वेश सिंह 1991 से लगातार चार बार चुनाव जीत कर भाजपा कद्दावर नेता बने रहे। 2019 के चुनाव में वह गठबंधन के सपा प्रत्याशी डा एसटी हसन से चुनाव हार गए थे। वह 1991 में पहली बार BJP के टिकट पर ठाकुरद्वारा सीट पर विधानसभा का चुनाव लड़े और जीत गए। लगातार वह चार बार चुनाव जीते। मौजूदा समय उनका बेटा सुशांत सिंह ठाकुरद्वारा से विधायक है।
पांच दावेदारों पर पड़े थे भारी
2024 के लोकसभा चुनाव में मुरादाबाद लोकसभा सीट पर प्रत्याशी के लिए वह पांच दावेदारों पर भारी पड़े। स्थानीय स्तर से चुनाव समिति को पांच नाम भेजे गए थे। जिनमें सर्वेश सिंह, राजपाल चौहान,डा शैफाली सिंह, विजय चौहान व पूर्व राजसभा सदस्य व पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद जफर इस्लाम शामिल थे। इनमें जफर इस्लाम के अलावा सभी ठाकुरद्वारा के निवासी थे।
2014 में दिलाई थी BJP को जीत
2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें चौथी बार लोकसभा प्रत्याशी बनाया था। 2009 में वह कांग्रेस के क्रिकेटर मो अजहरुद्दीन से 50 हजार वोटों से हार गए थे। 2014 में सपा के एसटी हसन को हराकर भाजपा को जीत दिलाई थी लेकिन 2019 में एसटी हसन ने उन्हें हरा दिया था। 2024 में अब उनका मुकाबला सपा की रुचि वीरा से था।