अमरोहा सीट पर मंथन को लखनऊ बुलाए विधायक व पदाधिकारी, ऐसे तय होगा जीत का फॉर्मूला
11 मार्च सोमवार को अखिलेश यादव ने मंडल भर की सीटों पर राजनीतिक वोटों के समीकरणों को समझने के लिए जीते हुए विधायक व प्रत्याशी व जिलाध्यक्ष सहित विधानसभा अध्यक्षों को लखनऊ बुलाया है। जहां पर जीत के समीकरणों पर चर्चा की जाएगी।
CNB News ब्यूरों : अमरोहा लोकसभा सीट पर मंथन को लेकर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने जिले के दोनों विधायक व जिलाध्यक्ष सहित विधानसभा अध्यक्षों को लखनऊ तलब किया है। गठबंधन के तहत कांग्रेस को दी गई सीट पर क्या हालात रहेंगे और कैसे जीत मिले इसको लेकर चर्चा की जाएगी। साथ ही संगठन समीकरणों को समझकर फॉर्मूला तय करेगा।
उत्तर प्रदेश में सपा-कांग्रेस गठबंधन के बाद सपा ने यूपी में कांग्रेस को 17 सीटें दी है। मुरादाबाद मंडल की इकलौती अमरोहा सीट कांग्रेस के खाते में गई है। ऐसे में यहां कांग्रेस से ही गठबंधन प्रत्याशी होगा। मगर विपक्ष को हराने के लिए सपा इस बार एक एक सीट पर मंथन करने में जुटी है, चाहे वह सीट उसके सहयोगी दल को ही क्यों न मिली हो। सूत्रों की मानें तो सपा प्रदेश में भाजपा को रोककर उसको केंद्र में सत्ता से रोकना चाहती है।
लखनऊ में तय होगा जीत का फॉर्मूला
11 मार्च सोमवार को अखिलेश यादव ने मंडल भर की सीटों पर राजनीतिक वोटों के समीकरणों को समझने के लिए जीते हुए विधायक व प्रत्याशी व जिलाध्यक्ष सहित विधानसभा अध्यक्षों को लखनऊ बुलाया है। सपा के एक विधानसभा पदाधिकारी ने बताया कि जिले के बुलाए गए पदाधिकारी के साथ संगठन के वरिष्ठ नेता सीट के हार जीत के समीकरणों पर मंथन के साथ ही समझेंगे। वहीं हर सीट की जीत का फॉर्मूला तय किया जाएगा।
अमरोहा से इनको बुलाया गया
अमरोहा जिले से सदर विधायक महबूब अली, नौगावां सादात विधायक समरपाल सिंह, धनौरा विधानसभा प्रत्याशी विवेक सिंह, हसनपुर विधानसभा प्रत्याशी मुखिया गुर्जर, जिलाध्यक्ष मस्तराम यादव, धनौरा विधानसभा अध्यक्ष आमिर रजा जैदी सहित नौगावां सादात, हसनपुर, अमरोहा विधानसभा अध्यक्ष लखनऊ गए है।
अमरोहा में गैर मुस्लिम के जरिए खेल सकती दांव
सूत्रों की मानें तो जिले के विधायक व पदाधिकरियों से मंथन के बाद यदि मजबूत समीकरण संगठन के नेताओं के सामने रखे गए तो कांग्रेस से बातचीत के बाद अमरोहा सीट पर फेरबदल भी हो सकता है। हालांकि इसकी संभावना कम है। सूत्रों का कहना है कि अगर फेरबदल हुआ तो फिर यहां गैर मुस्लिम पर पार्टी दांव खेला सकती है।