उत्तर प्रदेशताजा ख़बरेंराजनीतिराज्य
Trending

बांदा जेल में बंद मुख्तार अंसारी की मौत, प्रदेश भर में अलर्ट जारी, परिजन जेल के लिए रवाना

CNB News ब्यूरो: उत्तर प्रदेश की बांदा जेल में बंद मुख्तार अंसारी की गुरुवार की देर रात दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। गुरुवार शाम को उसे जेल से बांदा के रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जेल प्रशासन ने अभी कोई बयान जारी नहीं किया है। डीजीपी मुख्यालय ने पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी कर दिया है। पुलिस प्रशासनिक अफसरों को गश्त के साथ ही हर हरकत पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।

वहीं मऊ और गाजीपुर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यहां धारा 144 लागू कर दी गई है। साथ ही बांदा में भी सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं। मौके पर भारी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। डीजीपी मुख्यालय ने भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

इससे पहले मंगलवार को मुख्तार की तबीयत खराब हो गई थी। 14 घंटे भर्ती रहने के बाद उसे छुट्टी दे दी गई थी। कुछ दिन पहले मुख्तार अंसारी ने दावा किया था कि उसे खाने में धीमा जहर देकर मारने की कोशिश की जा रही है। मुख्तार अंसारी 2005 से सजा काट रहा था। उसे अलग-अलग मामलों में दो बार आजीवन कारावास की सजा हो चुकी है।

फिलहाल माफिया डॉन मुख्तार अंसारी बांदा जेल में बंद था। मंगलवार को तबीयत बिगड़ने पर परिवार के लोग उसे अस्पताल ले गए थे। सांसद अफजाल अंसारी ने मुख्तार से बात की थी। हालत में सुधार होने पर उसे उसी दिन जेल भेज दिया गया था।

Related Articles

Back to top button