अमरोहाउत्तर प्रदेश

कौन हैं अमरोहा के नये SP, IPS विनीत जायसवाल? इसलिए रहे हैं सुर्ख‍ियों में

हाथरस से ट्रांसफर होकर अमरोहा के नए कप्तान बने विनीत जायसवाल गाय प्रेमी है। जिले में क्राइम पर अंकुश के साथ गोकशी की घटनाओं को रोकना भी उनकी प्राथमिकता में शामिल रहेगा। 2014 बैच के आईपीएस विनीत मूल रूप से गोरखपुर के रहने वाले है।

CNB News : उत्तरप्रदेश की योगी सरकार ने शुक्रवार को 14 आईपीएस अफसरों के तबादले कर दिए। इनमें जिले में बढ़ते क्राइम के ग्राफ को देखते हुए शासन ने अमरोहा की पुलिस कप्तान पूनम का भी तबादला कर दिया है। उनकी जगह अब हाथरस से भेजे गए विनीत जायसवाल को अमरोहा का पुलिस एसपी बनाया है। जबकि पूनम को वेटिंग में रखा गया है। अमरोहा के अलावा मुरादाबाद के पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार का भी ट्रांसफर कर दिया गया है उनकी जगह हेमंत कुटियाल को मुरादाबाद का एसपी बनाया गया है।

मूल रूप से गोरखपुर के निवासी
IPS विनीत जायसवाल मूल रूप से गोरखपुर के रहने वाले है। वो 2014 बैच के आईपीएस अध‍िकारी हैं। पीपीएस से प्रोन्नत होकर वह आईपीएस बने है। आईपीएस बनने से पहले वह इंजीनियर के तौर पर इन्फोसिस कंपनी में नौकरी कर चुके है। साल 2010 में विनीत जायसवाल नोएडा के जेएसएस कॉलेज से कम्प्यूटर साइंस विषय में बी.टेक कर चुके है। इसके बाद उन्होंने इंफोसिस में कम्प्यूटर साइंस के बैचलर टेक्नीशियन के रूप में ज्वाइन किया था।


विनीत का सपना यूपीएससी क्लीयर करके सिविल सर्विस ज्वाइन करना था। इसलिए साल 2011 में उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी शुरू कर दी थी। वह पहले दो प्रयास में सफल नहीं हो सके लेकिन हार नही मानी और 2013 में तीसरे प्रयास में सिविल सर्विस एग्जाम पास कर लिया।

पिता रह चुके जेलर
आईपीएस विनीत जायसवाल के पिता राधेश्याम जेल अधीक्षक रहे हैं। व‍िनीत अपने पिता से शुरू से प्रभावित थे। विनीत ने अपने एक इंटरव्यू में कहा था कि पुलिस सर्विस भी एक मैनेजमेंट है, इसमें अपराधियों पर लॉ एंड ऑर्डर का फॉर्मूला एप्लाई होता है। भयमुक्त समाज के लिए प्रबंधन ही गुड पुलिसिंग है।

नोएडा में रह चुके एएसपी
IPS विनीत जायसवाल हाथरस से पहले शामली जिले के भी एसपी रह चुके है। शामली के एसपी बनने से पहले वह नोएडा के एएसपी पद की जिम्मेदारी संभाल चुके है। शामली में अपने कार्यकाल के दौरान उनका एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वह सपना चौधरी के गाने पर नाचते दिख रहे थे। ये वीडियो होली के जश्न का था। बतौर एसपी शामली में उनकी पहली नियुक्त‍ि थी।

ऐसे बने हाथरस के एसपी
दलित युवती की मौत के बाद जब हाथरस में योगी सरकार की विपक्ष ने घेराबंदी कर रखी थी। एसआईटी की सिफारिश पर यूपी प्रशासन ने जिले के एसपी विक्रांत वीर समेत 7 पुलिस अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया था। इसी के बाद विनीत जायसवाल को यहां का कार्यभार दिया गया। कार्यभार संभालते ही उन्हें बहुचर्च‍ित हाथरस मामला सौंप दिया गया था। जिसको सुलझाने के लिए उन्होंने कड़े कदम उठाए।

शुक्रवार का दिन खास
आईपीएस विनीत जायसवाल के लिए शुक्रवार महत्वपूर्ण है। हाथरस में जिस दिन उनको वहां पुलिस अधीक्षक बनाया गया वो दिन शुक्रवार था और शुक्रवार को ही उन्हें अब हाथरस से अमरोहा ट्रांसफर किया गया।

गाय प्रेमी है विनीत जायसवाल
आईपीएस विनीत जायसवाल गाय प्रेमी है। विनीत जायसवाल पशु प्रेमी बताए जाते है। कहा जाता है कि उन्हें गाय और बछड़ो से खासा प्रेम है। गाय और बछड़ों के साथ उनके सोशल मीडिया पर फोटो काफी शेयर हुए है। ऐसे में जिले में क्राइम पर रोकथाम के साथ ही गोकशी पर भी पूर्ण प्रतिबंध उनकी प्राथमिकता में शामिल रहेगा।

 

Related Articles

Back to top button